सरगुजा : भाजपा जिलाध्यक्ष और कांग्रेस जिला महामंत्री समेत 7 पर FIR दर्ज

feature-top

छत्तीसगढ़ के सरगुजा ज़िले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक विधवा महिला की पैतृक ज़मीन को धोखाधड़ी से हड़पने के आरोप में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया, कांग्रेस जिला महामंत्री राजीव अग्रवाल, अधिवक्ता दिनेश कुमार सिंह समेत कुल सात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश सीजेएम कोर्ट ने दिया है।

मामले की शिकायत गांधीनगर और भैयाथान क्षेत्र की निवासी दो विधवा महिलाओं चंद्रमणी देवी और कलावती कुशवाहा ने की थी। पीड़ित महिलाओं ने अपनी ज़मीन के बंटवारे और नामांतरण की प्रक्रिया के लिए अधिवक्ता दिनेश कुमार सिंह को सभी आवश्यक दस्तावेज सौंपे थे।

लेकिन भरोसे के इस रिश्ते को अधिवक्ता ने ठगों और राजनीतिक रसूखदारों के गठजोड़ में बदल दिया। आरोप है कि दिनेश कुमार सिंह ने अपने राजनीतिक संपर्कों और भू-माफियाओं के साथ मिलकर 2.87 हेक्टेयर की जमीन महज 40.16 लाख रुपये में बेच दी, जबकि उसी जमीन का पूर्व में 1.75 करोड़ रुपये में एग्रीमेंट किया गया था। पीड़ित महिलाओं का कहना है कि उन्हें न तो सौदे की कोई जानकारी दी गई और न ही उचित कीमत मिली।

जब उन्होंने दस्तावेजों की जांच करवाई तो पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। अब कोर्ट के निर्देश पर गांधीनगर पुलिस ने भाजपा जिलाध्यक्ष, कांग्रेस जिला महामंत्री, अधिवक्ता समेत कुल सात लोगों पर धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और जालसाजी की धाराओं के तहत FIR दर्ज की है।


feature-top