रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की बिहार को सौगात

feature-top

बिहारवासियों को रेल सेवा के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्य में पांच नई ट्रेनों की घोषणा की है। इनमें चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं, जो आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी।

घोषणा के अनुसार, पटना-नई दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस प्रतिदिन चलेगी, जिससे राजधानी से संपर्क और अधिक सुगम होगा। इसके अतिरिक्त, दरभंगा-लखनऊ और मालदा टाउन-लखनऊ के बीच एक-एक साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस चलाई जाएगी।

वहीं, सहरसा-अमृतसर और जोगबनी-इरोड (तमिलनाडु) के बीच भी नई ट्रेन सेवाएं शुरू की जाएंगी। बिहार दौरे पर आए रेल मंत्री ने यह भी बताया कि राज्य में कई नई रेल परियोजनाएं जल्द स्वीकृत की जाएंगी।

इनमें प्रमुख हैं: भागलपुर-जमालपुर के बीच 53 किमी लंबी तीसरी लाइन, जिसकी लागत ₹1,156 करोड़ आंकी गई है।

बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया रेलखंड के 104 किमी हिस्से का दोहरीकरण, जिसकी अनुमानित लागत ₹2,017 करोड़ है। रामपुर हाट-भागलपुर सेक्शन के 177 किमी हिस्से के दोहरीकरण पर ₹3,000 करोड़ का निवेश प्रस्तावित है।

तकनीकी क्षेत्र में भी बिहार को नई सौगात मिलने जा रही है। रेल मंत्री ने बताया कि राज्य में जल्द ही दो सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) का उद्घाटन किया जाएगा। इनमें से एक पाटलिपुत्र में ₹53 करोड़ की लागत से तथा दूसरा दरभंगा में ₹10 करोड़ की लागत से तैयार किया गया है।


feature-top
feature-top