छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र : पीएम आवास योजना को लेकर हंगामा

feature-top

छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सदन में तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत द्वारा पीएम आवास योजना (ग्रामीण) की प्रगति पर उठाए गए सवाल के जवाब में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के वक्तव्य से कांग्रेस विधायकों में आक्रोश फैल गया, जिससे सदन में जमकर हंगामा हुआ। डॉ. महंत ने पूछा कि क्या केवल भुगतान हो जाने से आवास को पूर्ण मान लिया जाता है, या फिर शौचालय सहित सभी आवश्यक सुविधाओं की पूर्ति के बाद ही उसे पूरा माना जाता है?

इस पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जवाब देते हुए कहा कि योजना की प्रक्रिया के तहत तीन किस्तों में भुगतान किया जाता है। तीसरी किस्त 'लेंटल लेवल' के बाद दी जाती है और 90 दिनों के भीतर अंतिम भुगतान हो जाता है, जिसके बाद निर्माण को पूर्ण माना जाता है।

विजय शर्मा ने आगे कहा कि किसे कितना भुगतान देना है, यह प्रक्रिया पूर्ववर्ती सरकारों की निर्धारित व्यवस्था के अनुसार रही है। वर्तमान में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार ने सभी पात्र लाभार्थियों को पूरा भुगतान सुनिश्चित किया है।


feature-top