छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: गिरिराज होटल संचालक नितेश पुरोहित और पुत्र यश पुरोहित गिरफ्तार

feature-top

छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण एवं एंटी करप्शन ब्यूरो ने  गिरिराज होटल संचालक नितेश पुरोहित और उनके पुत्र यश पुरोहित को गिरफ्तार कर लिया।

इससे पहले कल आबकारी विभाग के तत्कालीन आयुक्त निरंजन दास को हिरासत में लिया गया था। आरोप है कि होटल व्यवसायी पिता-पुत्र घोटाले से जुड़े सिंडीकेट के प्रमुख सदस्य थे। इनके माध्यम से अवैध राशि का संग्रहण, भंडारण और लोकसेवकों एवं निजी व्यक्तियों तक वितरण किया जाता था।

 मार्च 2024 से फरार चल रहे इन तीनों आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली थी। सर्वोच्च न्यायालय ने सितम्बर और दिसम्बर 2024 में नो कोएर्सिव एक्शन (गिरफ्तारी न करने) का आदेश दिया था। लेकिन इसके बावजूद आरोपी जांच में सहयोग नहीं कर रहे थे। हाल ही में 17 सितम्बर 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने यह रोक हटा ली, जिसके बाद गिरफ्तारियां संभव हो पाईं।

आज दोनों आरोपियों को विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) रायपुर में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने 25 सितम्बर 2025 तक की रिमांड प्राप्त की है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।


feature-top
feature-top