पूर्व मंत्री ननकीराम कंवर ने 4 अक्टूबर को रायपुर में धरने की चेतावनी दी

feature-top

पूर्व गृह, जेल और सहकारिता मंत्री तथा रामपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक ननकीराम कंवर ने कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

कंवर ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार उनकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं करती है, तो वे 4 अक्टूबर 2025 को मुख्यमंत्री निवास, रायपुर के सामने धरने पर बैठेंगे।

पूर्व मंत्री ने बताया कि उन्होंने 21 और 22 सितम्बर को मुख्यमंत्री को 14 बिंदुओं में कलेक्टर के खिलाफ शिकायत सौंपी थी और तीन दिन के भीतर उन्हें कोरबा से हटाने की मांग की थी। लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद न तो जांच हुई और न ही कोई कार्रवाई, जिससे वे व्यथित हैं। कंवर ने आरोप लगाया, “कलेक्टर अजीत वसंत जैसे भ्रष्ट और हिटलरशाही प्रवृत्ति वाले अधिकारियों को सरकार संरक्षण दे रही है।

मुख्यमंत्री तक वास्तविक स्थिति नहीं पहुंच रही है और कुछ आईएएस अधिकारियों के दबाव में सरकार गुमराह होकर काम कर रही है।” उन्होंने अपने पत्र में कई पुराने घोटालों का भी उल्लेख किया, जिनमें पीएससी परीक्षा घोटाला, शराब घोटाला, दवा खरीदी घोटाला, कोयला घोटाला, डीएमएफ घोटाला और एनएचएआई सड़क मुआवजा घोटाला शामिल हैं। इन मामलों में उन्होंने पहले केंद्र सरकार को शिकायत दी थी, जिसके बाद कई बड़े अधिकारियों और नेताओं पर कार्रवाई हुई थी।

पूर्व मंत्री ने सवाल उठाया कि जब उनके जैसे वरिष्ठ नेता की शिकायत पर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही, तो आम जनता और अन्य जनप्रतिनिधियों की शिकायतों की स्थिति क्या होगी। कंवर ने स्पष्ट किया कि वे अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ 4 अक्टूबर को रायपुर में मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना देंगे। इसकी सूचना उन्होंने कलेक्टर रायपुर, पुलिस प्रशासन और भाजपा संगठन को भी भेज दी है।


feature-top