छत्तीसगढ़ में गाय पर सियासत गरमाई, कांग्रेस का भाजपा सरकार पर हमला

feature-top

छत्तीसगढ़ में गायों की मौत और गौशालाओं की बदहाल स्थिति को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को बड़ा राजनीतिक सवाल बना दिया है और प्रदेशभर में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन करने की तैयारी में है।

इसी कड़ी में  पीसीसी चीफ दीपक बैज ने प्रेसवार्ता कर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि “प्रदेश से 5 लाख गायें गायब हो गई हैं। सरकार बताए ये गायें कहां गईं?” बैज ने आरोप लगाया कि पिछले दो सालों में छत्तीसगढ़ में गायों की तस्करी तेजी से बढ़ी है।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस तस्करी में भाजपा से जुड़े लोग शामिल हैं? गौ रक्षा के नाम पर काम करने वाले संगठन आज कहां हैं और गायों की तस्करी पर रोक क्यों नहीं लग पा रही है? कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “गौ माता के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा बताए कि गौवंशों की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए गए? बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद जैसे संगठन आज खामोश क्यों हैं? सरकार के संरक्षण में ही तस्करी हो रही है।

बैज ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू किए गए लगभग 10 हजार गौठानों को भाजपा ने बंद करा दिया, जिन्हें अब फिर से शुरू किया जाना चाहिए। उन्होंने जानकारी दी कि बलौदा बाजार जिले के समोदा गांव में बीते तीन दिनों में करीब 40 गायों की मौत हुई है। इसी तरह खरोरा और गुल्लू गांव में भी भूख और चारे की कमी से गायों की मौत की खबर है।

मृत पशुओं को खुले में फेंक दिया गया, जिससे गांव में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। कांग्रेस ने इन घटनाओं की जांच के लिए समिति गठित की है।


feature-top