सिरप से बच्चों की मौत पर केंद्र सख्त, राज्यों को दिए सख्त निर्देश

feature-top

मध्य प्रदेश और राजस्थान में कफ सिरप के कारण बच्चों की हुई मौतों के बाद केंद्र सरकार हरकत में आ गई है। केंद्र ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रधान सचिवों और स्वास्थ्य सचिवों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई।

इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने की। उन्होंने खांसी की दवाओं की गुणवत्ता, सुरक्षा और उचित उपयोग पर राज्यों से विस्तृत चर्चा की। बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी दवा निर्माता कंपनियां संशोधित शेड्यूल एम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करें। किसी भी प्रकार के नियम उल्लंघन पर संबंधित दवा निर्माण इकाइयों के लाइसेंस रद्द करने के आदेश दिए गए।

स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि बच्चों में खांसी की दवाओं का उपयोग केवल आवश्यकता पड़ने पर ही किया जाए, क्योंकि अधिकांश मामलों में खांसी अपने आप ठीक हो जाती है और दवाओं की जरूरत नहीं होती। केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को दवाओं की गुणवत्ता की निगरानी बढ़ाने, समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने, और आईडीएसपी-आईएचआईपी रिपोर्टिंग टूल के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया।

इसके साथ ही सूचनाओं के आदान-प्रदान और संयुक्त कार्रवाई के लिए बेहतर समन्वय बनाए रखने की सलाह दी गई है।


feature-top