असम : कांग्रेस की बैठक में बंगलादेशी राष्ट्रगान गाने का मामला; जांच के निर्देश

feature-top

असम सरकार ने कांग्रेस की एक बैठक में कथित तौर पर बांग्लादेश का राष्ट्रगान गाने के मामले की जांच के आदेश दिए हैं। यह घटना श्रीभूमि जिले में आयोजित कांग्रेस सेवा दल की हालिया बैठक में हुई।

श्रीभूमि शहर के कांग्रेस जिला कार्यालय इंदिरा भवन में कांग्रेस सेवा दल की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक की शुरुआत में बांग्लादेश के राष्ट्रगान ‘आमार सोनार बांग्ला’ की दो पंक्तियाँ गाई गईं।

यह गीत नोबेल पुरस्कार विजेता कवि रविंद्रनाथ टैगोर द्वारा लिखा गया है, जिन्होंने भारत का राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ भी लिखा था। जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि राज्य के मंत्री कृष्णेंदु पॉल ने इसकी जांच के मौखिक निर्देश दिए हैं।

फिलहाल जिला प्रशासन मामले की जांच कर रहा है। वहीं, कांग्रेस ने राज्य की भाजपा सरकार पर अनावश्यक विवाद पैदा करने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि सरकार राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे मुद्दों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रही है।


feature-top