बीजापुर : सुरक्षाबलों ने माओवादियों के स्मारक को किया ध्वस्त

feature-top

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी कार्रवाई अंजाम दी है। जिले के थाना तर्रेम क्षेत्र के ग्राम गोटुमपल्ली के जंगलों में माओवादियों द्वारा बनाए गए करीब 15 फीट ऊंचे स्मारक को सुरक्षा बलों ने ध्वस्त कर दिया।

जानकारी के अनुसार,नक्सल विरोधी अभियान के दौरान डीआरजी, थाना तर्रेम पुलिस, सीआरपीएफ की 153वीं और 168वीं बटालियन की संयुक्त टीम को गोटुमपल्ली के सघन जंगलों में यह स्मारक दिखाई दिया।

टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बुलडोजर की मदद से स्मारक को जमींदोज कर दिया। सुरक्षा बलों का कहना है कि माओवादी इस तरह के स्मारकों के माध्यम से अपने संगठन का प्रभाव बढ़ाने और स्थानीय लोगों में भय का माहौल बनाने की कोशिश करते हैं। ऐसे में इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता मानी जा रही है।


feature-top