दीपावली पर रायपुर में 6 दिनों में 61 करोड़ की शराब की बिक्री

feature-top

 इस बार दीपावली पर आबकारी विभाग ने शासन का खजाना भर दिया है। रायपुर जिले में धनतेरस से लेकर भाईदूज के दूसरे दिन तक यानी छह दिनों में लगभग 61 करोड़ रुपए की शराब की बिक्री हुई है।

त्योहार के इन दिनों में शराब की खपत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि रायपुर जिले में शराब पीने वालों की संख्या अन्य जिलों की तुलना में कहीं अधिक है। हालांकि, पिछली दीपावली की तुलना में इस बार बिक्री में लगभग एक प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

सामान्य दिनों में जिले में रोजाना लगभग 5 करोड़ रुपए की शराब की बिक्री होती है। इस हिसाब से छह दिनों में करीब 30 करोड़ रुपए की बिक्री होती है, लेकिन दिवाली के दौरान यह आंकड़ा दोगुना होकर 61 करोड़ रुपए तक पहुंच गया।

आंकड़ों के अनुसार, धनतेरस के दूसरे दिन सबसे ज्यादा शराब की बिक्री दर्ज की गई। इस दिन अकेले 11 करोड़ 39 लाख रुपए से अधिक की शराब बिकी। बाकी दिनों में भी बिक्री का आंकड़ा 8 से 10 करोड़ रुपए के बीच रहा।


feature-top