अटल जी का सपना आज साकार हुआ : प्रधानमंत्री मोदी

feature-top

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नवा रायपुर स्थित नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मंच पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, राज्यपाल रामेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत भी मौजूद रहे।

लोकार्पण के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा के लिए यह दिन स्वर्णिम शुरुआत का दिन है। उन्होंने कहा, “मेरे लिए यह व्यक्तिगत रूप से अत्यंत सुखद और अहम दिन है। मेरा इस भूमि से आत्मीय नाता रहा है।

एक कार्यकर्ता के रूप में मैंने यहां बहुत समय बिताया और यहां की माटी, यहां के लोगों ने मेरे जीवन को गढ़ने में बड़ा योगदान दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने 25 वर्षों की यात्रा में अद्भुत प्रगति की है और अब राज्य विकास के नए शिखर की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि 2025 का यह वर्ष भारतीय गणतंत्र का ‘अमृत वर्ष’ भी है। इस अवसर पर उन्होंने संविधान सभा के सदस्य रहे रविशंकर शुक्ल, बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल, घनश्याम सिंह गुप्त, ईश्वरी मोहन त्रिपाठी, रामप्रसाद पोटाई और रघुराज सिंह जैसे महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने कहा, “आज जब हम इस भव्य और आधुनिक विधानसभा का लोकार्पण कर रहे हैं, तो यह केवल एक इमारत का उद्घाटन नहीं, बल्कि 25 वर्षों की जन-आकांक्षा, जन-संघर्ष और जन-गौरव का उत्सव है।

 कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को विशेष रूप से याद किया। उन्होंने कहा, “साल 2000 में अटल जी ने जब छत्तीसगढ़ राज्य का गठन किया, तो वह केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं था, बल्कि विकास की नई राह खोलने का ऐतिहासिक कदम था।

आज जब अटल जी की प्रतिमा का अनावरण हुआ है, तो मन कह उठता है अटल जी, आपका सपना साकार हुआ है। आपका बनाया हुआ छत्तीसगढ़ आत्मविश्वास से भरा, विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य की जनता और सरकार को छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नई विधानसभा भवन आने वाले समय में राज्य की लोकतांत्रिक परंपराओं को और मजबूत करेगा।


feature-top