कोरबा : नेताओं के कटआउट ढोने में लापरवाही, आयुक्त ने तीन को जारी किया नोटिस

feature-top

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर कोरबा के ओपन थिएटर में 2 से 5 नवंबर तक आयोजित हो रहे राज्योत्सव कार्यक्रम स्थल पर नेताओं के कटआउट को पशु ट्राली में ढोए जाने का मामला सामने आया है।

महापौर के निर्देश पर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से 48 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा है। गौरतलब है कि यह दूसरी बार है जब ऐसा मामला सामने आया है। इससे पहले 11 सितंबर 2025 को भी नेताओं के कटआउट को पशु ट्राली में ले जाने की घटना हुई थी, तब चेतावनी दी गई थी। दोबारा वही गलती दोहराए जाने पर अब कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।

राज्योत्सव स्थल पर होर्डिंग लगाने की जिम्मेदारी उप अभियंता अश्विनी दास को दी गई थी, जबकि पशु पकड़ने वाले वाहनों की प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक रविंद्र थवाईत और निगम वाहन शाखा की मॉनिटरिंग के प्रभारी उप अभियंता अभय मिंज हैं। इन तीनों अधिकारियों की जानकारी में नेताओं के कटआउट को पशु ट्राली में एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया गया।

आयुक्त ने इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लंघन माना है। तीनों अधिकारियों को 48 घंटे में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। जवाब संतोषजनक न होने पर विधि सम्मत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।


feature-top