छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद खत्म करने के प्रयासों की इज़रायल प्रतिनिधि ने की सराहना

feature-top

इज़रायल के अर्थ मंत्रालय के दक्षिण भारत के आर्थिक एवं व्यापारिक प्रतिनिधि यैर ओशेरॉफ ने छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान भारत और इज़रायल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रगाढ़ हो रहे मैत्रीपूर्ण संबंधों पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में यैर ओशेरॉफ ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद को समाप्त करने के लिए किए जा रहे प्रभावी और निर्णायक प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्थापित हो रहा स्थायी शांति का माहौल राज्य के व्यापक और तीव्र विकास को दिशा देगा।

वार्ता के दौरान उन्नत तकनीकों के आदान-प्रदान, औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देने, अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने तथा नई तकनीक आधारित रोजगार और विकास के अवसर सृजित करने पर भी सहमति व्यक्त की गई। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, कृषि नवाचार, आधुनिक सिंचाई प्रणाली और औद्योगिक विकास के क्षेत्र में इज़रायल की विशेषज्ञता छत्तीसगढ़ के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

यह मुलाकात छत्तीसगढ़ और इज़रायल के बीच आर्थिक, वैज्ञानिक और औद्योगिक सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक और महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।


feature-top