रायगढ़ : कोयला खदान परियोजना के खिलाफ आदिवासियों का उग्र विरोध

feature-top

धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पुरूंगा में प्रस्तावित कोयला खदान परियोजना के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। यह परियोजना पहले अंबुजा सीमेंट के स्वामित्व में थी, जिसे अब अडानी ग्रुप ने अधिग्रहित किया है।

इसी परियोजना से जुड़ी 11 नवंबर को निर्धारित जनसुनवाई को रद्द करने की मांग को लेकर हजारों की संख्या में आदिवासी ग्रामीण सड़कों पर उतर आए हैं। विरोध प्रदर्शन में महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और नवजात शिशुओं को लेकर आई माताएं भी शामिल हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि कोयला खदान शुरू होने से उनकी जल, जंगल और जमीन पर खतरा पैदा होगा, जिससे उनकी आजीविका प्रभावित होगी। इसलिए जनसुनवाई को तुरंत निरस्त किया जाना आवश्यक है।

एक दर्जन से अधिक गांवों के ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय के सामने डटे हुए हैं। प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस जवाब न मिलने पर लोगों ने पूरी रात खुले आसमान के नीचे भूखे-प्यासे ही सड़क पर बिताई। बावजूद इसके प्रदर्शन स्थल पर ग्रामीण अभी भी डटे हुए हैं और आंदोलन जारी है।


feature-top