रायपुर में 250 परिवारों की घर वापसी

feature-top

राजधानी रायपुर के गुढियारी स्थित दहीहांडी मैदान में आज एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी नरेंद्राचार्य के सानिध्य में 250 से अधिक परिवारों ने घर वापसी की। इस अवसर पर भाजपा नेता प्रबल प्रताप सिंह जूदेव और सच्चिदानंद उपासने भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने घर वापसी कर रहे परिवारों के पैर धोकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वे अपने पिता दिलीप सिंह जूदेव की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं, जो राजा होकर भी लोगों के पैर पखारते थे और उन्हें धर्म में वापस लाने का कार्य करते थे।

घर वापसी करने वाले परिवारों ने बताया कि उन्हें पहले भ्रमित कर धर्म परिवर्तन कराया गया था। उन्हें कहा गया था कि धर्म परिवर्तन उनके जीवन और स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होगा, लेकिन बाद में उन्हें उस धर्म में कोई संतोष नहीं मिला और वे पुनः अपने मूल धर्म में लौट आए हैं। इस अवसर पर स्वामी नरेंद्राचार्य ने कहा कि अब तक वे देशभर में 1 लाख 53 हजार से अधिक परिवारों की घर वापसी करा चुके हैं।

उन्होंने धर्मांतरण को गलत बताते हुए कहा कि इसे रोकने के लिए सरकार को सख्त कानून बनाना चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई स्कूलों में प्रभु ईसू के बारे में पढ़ाया जाता है, जिससे अप्रत्यक्ष रूप से धर्मांतरण को बढ़ावा मिलता है।

स्वामी नरेंद्राचार्य ने कहा कि सरकार को वेद आधारित स्कूलों की स्थापना करनी चाहिए। इसके लिए वे स्वयं वेद पाठशालाएं चला रहे हैं ताकि हिंदू धर्म की सभी जातियों के बच्चे वेद अध्ययन कर सकें और पुरोहित बनकर समाज में धर्म की रक्षा कर सकें।


feature-top