धान खरीदी व्यवस्था पुख्ता, किसानों को कोई चिंता नहीं: उप मुख्यमंत्री अरुण साव

feature-top

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में धान खरीदी की सुदृढ़ और पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। प्रदेश में 15 नवंबर से धान खरीदी सुचारु रूप से प्रारंभ हो चुकी है और पहले ही दिन विभिन्न सहकारी समितियों में 20 हजार क्विंटल धान की खरीदी की गई है।

यह जानकारी उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा के दौरान दी।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसानों को धान खरीदी को लेकर कोई चिंता नहीं करनी चाहिए। सरकार ने सभी व्यवस्थाएँ दुरुस्त कर दी हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके बाद सभी अधिकारी पूरी तत्परता से खरीदी व्यवस्था के संचालन में लगे हुए हैं।

कांग्रेस द्वारा खरीदी केंद्रों की निगरानी संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में किसानों के साथ वादाखिलाफी की है। उन्होंने कहा कि दो साल का बकाया बोनस देने का वादा किया गया था, लेकिन पाँच वर्ष के कार्यकाल में भी इसे पूरा नहीं किया गया।

चार किस्तों में बोनस देने की घोषणा होती थी, परंतु चौथी किस्त में कटौती कर दी जाती थी। साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ का किसान कांग्रेस की नीयत को अच्छी तरह समझ चुका है।


feature-top