रायपुर में करणी सेना अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत की गिरफ्तारी

feature-top

क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत ने सोमवार को मौदहापारा थाने पहुंचकर स्वेच्छा से गिरफ्तारी दी। गिरफ्तारी के दौरान थाने के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक जुटे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

स्थिति संभालने के लिए 1 ASP, 2 CSP और 5 थानों के अधिकारियों सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। शेखावत ने एक दिन पहले सोशल मीडिया पोस्ट में ‘आमंत्रण यात्रा’ निकालने और थाने पहुंचकर गिरफ्तारी देने की घोषणा की थी। हाल ही में उन्होंने सूदखोरी के आरोपी वीरेंद्र तोमर के जुलूस प्रकरण में पुलिसकर्मियों को “घर में घुसकर जवाब देने” की धमकी दी थी।

इस बयान के बाद उनके खिलाफ BNS की धाराओं में FIR दर्ज की गई। राज्य के गृहमंत्री ने कहा था— “अपराधी कोई भी हो, छोड़ा नहीं जाएगा।” गिरफ्तारी से पहले शेखावत ने लाइव वीडियो में पुलिस पर तोमर के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया और कहा कि उसे अपमानजनक तरीके से हथकड़ी लगाकर धूप में ले जाया गया।

उन्होंने चेतावनी दी “पुलिसवालों के घरों में घुसेंगे, जैसे वे तोमर के घर घुसे थे।” “क्षत्रिय समाज जल्द ही रायपुर कूच करेगा।” उन्होंने 7 दिसंबर को न्याय महापंचायत आयोजित करने की भी घोषणा की थी।


feature-top