रजिस्ट्री दाम बढ़ोतरी के विरोध में बवाल, प्रदर्शनकारियों ने रोका भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का काफिला

feature-top

प्रदेश में रजिस्ट्री दर बढ़ाए जाने के विरोध में कई जिलों में आज विरोध-प्रदर्शन हुए। इसी दौरान दुर्ग जिले के पटेल चौक पर बड़ा हंगामा खड़ा हो गया, जब रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे जमीन दलालों और रियल एस्टेट कारोबारियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के काफिले को रोक दिया।

काफिला रोकने के बाद प्रदर्शनकारियों और भाजपा नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। हालात उस वक्त बिगड़ गए जब भिलाई जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह और अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रदर्शनकारियों से झूमाझटकी हो गई।

मौके पर तैनात पुलिस जवानों ने स्थिति को बिगड़ते देख बीच-बचाव किया और सड़क खाली कराते हुए काफिले को आगे बढ़ाया। यह पूरा घटनाक्रम दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेल चौक के पास हुआ। जानकारी के अनुसार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव, सांसद विजय बघेल के पुत्र के विवाह समारोह में शामिल होने के बाद राइस मिल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कांतिलाल बोथरा के दुर्ग स्थित निवास पर शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे थे।

इसी दौरान अपनी मांगपत्र कलेक्टर को सौंपकर लौट रहे प्रदर्शनकारियों का काफिले से आमना-सामना हो गया, जिसके बाद हंगामा मच गया।


feature-top