सक्ति : फर्जी आबकारी पुलिस बनकर छापा मारने पहुंचे 5 युवक, 4 गिरफ्तार

feature-top

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शक्ति थाना क्षेत्र के परसदा खुर्द गांव में बीते रात पांच युवक फर्जी आबकारी पुलिस बनकर एक ग्रामीण के घर पहुंच गए। इनमें से एक युवक ने पुलिस जैसी वर्दी पहन रखी थी, जिस पर आबकारी विभाग और पुलिस – दोनों के मोनो लगे हुए थे, जबकि बाकी चार युवक सिविल ड्रेस में थे।

 आरोपियों ने खुद को आबकारी विभाग का अधिकारी बताकर ग्रामीण को जेल भेजने की धमकी दी और 30 हजार रुपये की अवैध मांग करने लगे। ग्रामीणों को शक होने पर आसपास के लोगों ने तुरंत घेराबंदी की और चार आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया।

हालांकि, एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र गोस्वामी, अजय गोस्वामी, रामनारायण धीवर और लोकेश राठौर के रूप में हुई है। सभी आरोपी जांजगीर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने उनके पास से दो बाइक और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। सक्ति पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अवैध वसूली सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।


feature-top