हमारे नेतृत्व के खिलाफ मोदी–शाह की प्रतिशोध की राजनीति, न्याय की जीत होगी : जयराम रमेश

feature-top

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह की जोड़ी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ उत्पीड़न, धमकी और प्रतिशोध की राजनीति कर रही है।

पार्टी के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि ‘नेशनल हेराल्ड’ मामला पूरी तरह फर्जी है और अंततः न्याय की जीत होगी। दरअसल, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने ‘नेशनल हेराल्ड’ मामले में कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

यह कार्रवाई ईडी की धन शोधन संबंधी जांच का हिस्सा है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने ‘‘निजी लाभ’’ के लिए अपने पद का दुरुपयोग किया। जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा, “मोदी–शाह की जोड़ी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ उत्पीड़न, धमकी और प्रतिशोध की राजनीति जारी रखे हुए है।

जो लोग दूसरों को डराने की कोशिश करते हैं, वे स्वयं भीतर से असुरक्षित और भयभीत होते हैं।” उन्होंने दोहराया कि ‘नेशनल हेराल्ड’ मामला पूरी तरह से बेबुनियाद है और कहा “आख़िरकार न्याय की जीत होगी। सत्यमेव जयते।”


feature-top