चक्रवात ‘दित्वाह’ की तबाही पर पीएम मोदी ने श्रीलंकाई राष्ट्रपति से की बातचीत

feature-top

चक्रवात ‘दित्वाह’ से श्रीलंका में भारी तबाही के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंकाई राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसनायके से फोन पर बात की। प्रधानमंत्री ने बड़ी संख्या में हुए जान-माल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भारत इस मुश्किल समय में श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहायता देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मोदी ने बताया कि भारत की ओर से भेजी गई राहत सामग्री और बचाव दल प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कदम भारत की मानवीय प्रतिबद्धता और क्षेत्र में पहला प्रतिक्रिया देने वाले देश (First Responder) की भूमिका को और मजबूत करता है।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति दिसनायके को आश्वासन दिया कि ऑपरेशन ‘सागर बंधु’ के तहत श्रीलंका की जरूरतों के अनुसार राहत, बचाव और मानवीय सहायता लगातार भेजी जाती रहेगी। राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसनायके ने भारत की त्वरित सहायता की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय टीमों की समय पर तैनाती और भेजी गई राहत सामग्री से कई प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को गति मिली है। उन्होंने इसे भारत-श्रीलंका दोस्ती और भरोसे की मजबूत मिसाल बताया।


feature-top