रायपुर में ड्रग माफिया पर कार्रवाई , 9 तस्कर गिरफ्तार, 80 लाख की हेरोइन जब्त

feature-top

राजधानी रायपुर में फैले ड्रग नेटवर्क पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। लगातार मिल रही गोपनीय सूचनाओं और सटीक निगरानी के आधार पर रायपुर पुलिस ने चार अलग-अलग ड्रग नेटवर्क से जुड़े 9 तस्करों को दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 400 ग्राम हेरोइन जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है। जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह पंजाब से हेरोइन मंगाकर रायपुर में सप्लाई करता था।

पाकिस्तान समर्थित ड्रग नेटवर्क के ध्वस्त होने के बाद चार नई टीमें राजधानी में नशे के बाजार पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रही थीं। लेकिन पुलिस की पैनी नजर और संयुक्त कार्रवाई ने उनके मंसूबों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। चार अलग-अलग मामलों में कमलेश अरोड़ा, गौरव सोनी, बगेल सिंह, आयुष दुबे, मृत्युंजय दुबे, तन्मय गोइंदी, सोनू साहू और गगनदीप सिंह समेत कुल 9 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

रायपुर पुलिस अब तक ड्रग्स से जुड़े मामलों में 78 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जो शहर में सक्रिय नशे के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। यह कार्रवाई आज़ाद चौक, सरस्वती नगर, आमानाका और कबीर नगर थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों के आधार पर की गई है।

पुलिस का कहना है कि ड्रग माफिया के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और राजधानी को नशे के जाल से मुक्त करने के लिए और भी सख्ती अपनाई जाएगी।


feature-top