पटना-झारखंड सहित 5 हाईकोर्ट को मिलेंगे नए मुख्य न्यायाधीश

feature-top

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने विभिन्न उच्च न्यायालयों में रिक्त होने वाले मुख्य न्यायाधीशों के पदों को भरने के लिए पाँच न्यायाधीशों के नामों की सिफारिश की है। ये नियुक्तियाँ रिटायरमेंट और ट्रांसफर के कारण होने वाली रिक्तियों को ध्यान में रखकर की गई हैं, जिन पर केंद्र सरकार की मंजूरी अभी बाकी है।

कॉलेजियम के अनुसार, इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता को उत्तराखंड हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की गई है। बॉम्बे हाईकोर्ट की जस्टिस रेवती पी. मोहिते डेरे को मेघालय हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश प्रस्तावित किया गया है।

इसके अलावा, बॉम्बे हाईकोर्ट के जस्टिस एम.एस. सोनक को झारखंड हाईकोर्ट, केरल हाईकोर्ट के जस्टिस ए. मुहम्मद मुस्ताक को सिक्किम हाईकोर्ट और उड़ीसा हाईकोर्ट के जस्टिस संगम कुमार साहू को पटना हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाए जाने की सिफारिश हुई है।

साथ ही, मेघालय हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सौमेन सेन को केरल हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने का प्रस्ताव भी कॉलेजियम ने दिया है।


feature-top