दिग्विजय सिंह के बयान पर कांग्रेस में मतभेद

feature-top

कांग्रेस सांसद दिग्विजय सिंह की ओर से आरएसएस और भाजपा की तारीफ किए जाने का मामला अब पार्टी के लिए नई मुश्किलें खड़ी करता नजर आ रहा है। बयान सामने आने के बाद कांग्रेस के भीतर ही मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं।

अपने बयान पर सफाई देते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा के घोर विरोधी हैं और उनके शब्दों को गलत संदर्भ में लिया गया है। हालांकि, इस सफाई के बावजूद कांग्रेस नेताओं की राय एकजुट नहीं दिख रही है।

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने आरएसएस पर तीखा हमला बोलते हुए संघ को महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे से जोड़ दिया। पवन खेड़ा ने कहा कि आरएसएस से सीखने को कुछ भी नहीं है और जो संगठन गोडसे के लिए कुख्यात रहा हो, वह गांधी के बनाए संगठन को क्या सिखा सकता है। वहीं कांग्रेस नेता शशि थरूर ने दिग्विजय सिंह के बयान पर संतुलित प्रतिक्रिया दी।

उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करना सभी की इच्छा है और इसके लिए अनुशासन बेहद जरूरी है। शशि थरूर ने कहा कि कांग्रेस का 140 साल पुराना इतिहास है, जिससे पार्टी बहुत कुछ सीख सकती है और खुद के अनुभवों से भी संगठन को मजबूत किया जा सकता है।


feature-top