- Home
- टॉप न्यूज़
- जशपुर : धान खरीदी उपकेंद्र कोनपारा में 6.55 करोड़ की अनियमितता, छह पर FIR
जशपुर : धान खरीदी उपकेंद्र कोनपारा में 6.55 करोड़ की अनियमितता, छह पर FIR
जशपुर जिले के तुमला थाना क्षेत्र अंतर्गत धान खरीदी उपकेंद्र कोनपारा में खरीफ वर्ष 2024-25 के दौरान 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपये की गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। अपेक्स बैंक जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी सहित कुल छह आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी, धान खरीदी उपकेंद्र कोनपारा के फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 2 जनवरी को अपेक्स बैंक छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित के नोडल अधिकारी राम कुमार यादव ने थाना तुमला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट में बताया गया कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोनपारा (पंजीयन क्रमांक 128) के धान खरीदी उपकेंद्र में पदस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलीभगत कर धान खरीदी में भारी हेराफेरी की है, जिससे शासन को करोड़ों रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। आरोपियों में— भुनेश्वर यादव (खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी), जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक), शिशुपाल यादव (फड़ प्रभारी), जितेंद्र साय (कंप्यूटर ऑपरेटर), अविनाश अवस्थी (सहायक फड़ प्रभारी) एवं चंद्र कुमार यादव (उप सहायक फड़ प्रभारी) शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि खरीफ वर्ष 2024-25 में उपकेंद्र द्वारा कुल 1,61,250 क्विंटल धान की खरीदी दर्शाई गई थी, जबकि मिल एवं संग्रहण केंद्रों को केवल 1,40,663.12 क्विंटल धान ही परिदान किया गया। इस प्रकार 20,586.88 क्विंटल धान की कमी पाई गई। संयुक्त जांच दल द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में भी मौके पर धान उपलब्ध नहीं पाया गया। प्राथमिक जांच के अनुसार, प्रति क्विंटल 3100 रुपये के हिसाब से धान की कमी से 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रुपये तथा धान पैकिंग में उपयोग किए गए 4,898 नग बारदाने की कीमत 17 लाख 7 हजार 651 रुपये, कुल मिलाकर 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपये की शासन को आर्थिक क्षति हुई है।
इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 320, 336, 338 एवं 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर ने बताया कि अपेक्स बैंक जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर धान खरीदी में हुई अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
About Babuaa
Categories
Contact
0771 403 1313
786 9098 330
babuaa.com@gmail.com
Baijnath Para, Raipur
© Copyright 2019 Babuaa.com All Rights Reserved. Design by: TWS
