- Home
- टॉप न्यूज़
- ईडी–झारखंड पुलिस टकराव हाईकोर्ट पहुंचा, CBI जांच की मांग पर सुनवाई आज
ईडी–झारखंड पुलिस टकराव हाईकोर्ट पहुंचा, CBI जांच की मांग पर सुनवाई आज
झारखंड में प्रवर्तन निदेशालय और राज्य पुलिस के बीच टकराव अब अदालत की चौखट तक पहुंच गया है। रांची पुलिस द्वारा ईडी कार्यालय में की गई पूछताछ और कार्रवाई के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय ने झारखंड हाईकोर्ट में रिट याचिका दायर की है।
इस याचिका में ईडी ने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की है। हाईकोर्ट में इस याचिका पर आज सुनवाई होनी है। कानूनी गलियारों में यह मामला खासा चर्चा में है, क्योंकि यह सीधे तौर पर एक केंद्रीय जांच एजेंसी और राज्य पुलिस के अधिकार क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। मामला पीएचईडी के कर्मचारी संतोष कुमार द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर से शुरू हुआ।
पीएचईडी कर्मचारी संतोष कुमार ने आरोप लगाया कि रांची स्थित ईडी कार्यालय में पूछताछ के दौरान उसके साथ मारपीट की गई। उसने ईडी अधिकारियों पर दुर्व्यवहार और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए।
इस शिकायत के आधार पर रांची के एयरपोर्ट थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसी सिलसिले में रांची पुलिस की टीम जांच के लिए प्रवर्तन निदेशालय कार्यालय पहुंची थी। वहीं, ईडी का कहना है कि संतोष कुमार को 22 करोड़ रुपये से अधिक के सरकारी धन के गबन के आरोप में पूछताछ के लिए बुलाया गया था।
यह मामला रांची में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के स्वर्णरेखा हेड वर्क्स डिवीजन की शहरी जल आपूर्ति योजना के लिए आवंटित राशि में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है।
About Babuaa
Categories
Contact
0771 403 1313
786 9098 330
babuaa.com@gmail.com
Baijnath Para, Raipur
© Copyright 2019 Babuaa.com All Rights Reserved. Design by: TWS
