ईडी ने मेहुल चोकसी के बेटे पर भी लगाया मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप

feature-top

प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी मामले में पहली बार उसके बेटे रोहन चोकसी की भूमिका को लेकर बड़ा दावा किया है। ईडी का कहना है कि मनी लॉन्ड्रिंग के इस मामले में रोहन चोकसी भी अपने पिता के साथ सक्रिय रूप से शामिल रहा है।

यह दावा ईडी की कानूनी टीम ने दिल्ली स्थित अपील अधिकरण (ATFP – Appellate Tribunal for Forfeited Property) के सामने किया। एजेंसी ने यह दलील रोहन चोकसी की उस याचिका का विरोध करते हुए दी, जिसमें उसने मुंबई की एक संपत्ति की कुर्की को चुनौती दी थी। यह संपत्ति वर्ष 2018 में ईडी द्वारा अटैच की गई थी।

रोहन चोकसी का कहना है कि संबंधित मुंबई संपत्ति उसके पारिवारिक ट्रस्ट ने 1994 में खरीदी थी, और इसका उसके पिता पर चल रहे मनी लॉन्ड्रिंग मामले से कोई संबंध नहीं है।

हालांकि, ईडी ने ट्रिब्यूनल के सामने तर्क दिया कि यह संपत्ति 2013 में मेहुल चोकसी द्वारा रोहन चोकसी के नाम ट्रांसफर की गई, और यह ट्रांसफर अपराध से अर्जित धन को छिपाने और वैध दिखाने की प्रक्रिया का हिस्सा था।


feature-top