ममता बनर्जी की CJI से संविधान, लोकतंत्र और न्यायपालिका की रक्षा के लिए की अपील

feature-top

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारत के प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत से देश के संविधान, लोकतंत्र और न्यायपालिका की रक्षा करने का आग्रह किया। यह बयान उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट की जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच के नए भवन के उद्घाटन समारोह के दौरान दिया।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बिना किसी एजेंसी का नाम लिए कहा कि देश में लोगों को ‘एजेंसियों’ के माध्यम से गलत तरीके से निशाना बनाया जा रहा है, जिससे उन्हें संरक्षण दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा, “कृपया देश के संविधान, लोकतंत्र, न्यायपालिका, इतिहास और भूगोल को विनाश से बचाइए।

 ममता बनर्जी ने प्रधान न्यायाधीश को संविधान का संरक्षक बताते हुए कहा, “आप हमारे संविधान के रक्षक हैं। हम आपके कानूनी संरक्षण में हैं। कृपया जनता की रक्षा करें।” इस कार्यक्रम में न्यायमूर्ति सूर्यकांत भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने मौजूदा दौर में बढ़ते ‘मीडिया ट्रायल’ पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कई मामलों में न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही मीडिया में फैसला सुना दिया जाता है, जिसे रोका जाना चाहिए।

इसके अलावा, एक जनसभा के बाद अपने व्हाट्सएप चैनल पर साझा किए गए संदेश में ममता बनर्जी ने पश्चिम मेदिनीपुर को संघर्ष और प्रतिरोध की धरती बताया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र औपनिवेशिक शासन के खिलाफ आंदोलन से लेकर वर्ष 2011 की राजनीतिक उथल-पुथल तक, हर दौर में दमन के खिलाफ आवाज उठाता रहा है।


feature-top