दिल्ली : फॉरेंसिक रिपोर्ट के बाद AAP की मांग, कपिल मिश्रा को बर्खास्त करे भाजपा

feature-top

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा को पद से हटाने की मांग की है। पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक और नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि कपिल मिश्रा ने फर्जी वीडियो बनाकर गुरुओं की बेअदबी की है।

उन्होंने कहा कि यह आरोप अब दिल्ली सरकार की फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट से भी साबित हो गया है। सौरभ भारद्वाज ने बताया कि विधानसभा अध्यक्ष द्वारा कराई गई फॉरेंसिक जांच में स्पष्ट हुआ है कि संबंधित वीडियो में कहीं भी “गुरु” शब्द का इस्तेमाल नहीं किया गया है।

इससे पहले पंजाब पुलिस की जांच में भी यह साफ हो चुका है कि नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने “गुरु” शब्द का प्रयोग नहीं किया था। उन्होंने कहा कि दोनों जांच रिपोर्टों से यह साबित हो गया है कि कपिल मिश्रा ने झूठे और फर्जी वीडियो के जरिए गुरुओं की बेअदबी का आरोप गढ़ा।

इसलिए भाजपा को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए कपिल मिश्रा को तुरंत बर्खास्त करना चाहिए। फॉरेंसिक रिपोर्ट सामने आने के बाद सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा को इस रिपोर्ट पर झूठ नहीं बोलना चाहिए। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर भाजपा में हिम्मत है, तो इस फॉरेंसिक रिपोर्ट को अदालत में पेश किया गया। 


feature-top