भाजपा शासन में छत्तीसगढ़ महिलाओं के लिए असुरक्षित : महिला कांग्रेस प्रभारी गुंजन सिंह

feature-top

महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सुश्री गुंजन सिंह ने कहा है कि भाजपा की सरकार बनने के बाद छत्तीसगढ़ में अपराध पूरी तरह अनियंत्रित हो गए हैं और महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। वे रविवार को महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती फूलोदेवी नेताम की उपस्थिति में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रही थीं।

सुश्री गुंजन सिंह ने बताया कि गृह मंत्री द्वारा विधानसभा में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में एक वर्ष के भीतर 3191 बलात्कार की घटनाएं दर्ज की गई हैं, यानी प्रतिदिन 8 से 9 दुष्कर्म, अर्थात हर तीन घंटे में एक महिला अपराध की शिकार हो रही है। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर में 9 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म और कोरबा में युवती की नृशंस हत्या जैसी घटनाएं भाजपा सरकार की कानून व्यवस्था की पोल खोलती हैं।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में प्रदेश में अपराध के आंकड़े भयावह हैं। राज्य में हर पांच घंटे में एक नाबालिग से बलात्कार और प्रतिदिन औसतन 9 महिलाओं के साथ दुष्कर्म हो रहा है। एक वर्ष में प्रदेश में 1114 हत्याएं, 3644 अपहरण, 458 लूट, 7960 चोरी और 56 डकैती की घटनाएं सामने आई हैं। राजधानी रायपुर की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने बताया कि एक वर्ष में रायपुर में 268 बलात्कार, 93 हत्याएं, 515 अपहरण और 1645 चोरी की घटनाएं दर्ज की गई हैं। सुश्री गुंजन सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजपा शासन में अपराध और नशे का गढ़ बनता जा रहा है।

प्रदेश के लगभग हर शहर में हत्या, दुष्कर्म और चाकूबाजी की घटनाएं हो रही हैं। ड्रग्स, गांजा, अफीम, हेरोइन और अवैध शराब की खुलेआम बिक्री से अपराध बढ़ रहे हैं, जबकि अपराधियों में पुलिस का भय समाप्त हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य दोनों में भाजपा की सरकार होने के बावजूद सीमाओं से ड्रग्स की तस्करी हो रही है। गृह मंत्री केवल बयानबाजी तक सीमित हैं और पुलिस विभाग पर अवैध वसूली के आरोप लग रहे हैं।

भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि गरियाबंद और जशपुर में अश्लील नृत्य के आयोजन में भाजपा नेताओं की संलिप्तता सामने आई है। इस पर भाजपा के वरिष्ठ मंत्री द्वारा दिए गए बयान से पार्टी की सोच उजागर होती है। सुश्री गुंजन सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार राम के नाम पर मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करने की साजिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 11 वर्षों में कांग्रेस सरकार की योजनाओं के नाम बदलने के अलावा कोई ठोस काम नहीं किया गया।


feature-top