सांप्रदायिक भेदभाव वाले बयान पर ए.आर. रहमान का यू-टर्न

feature-top

ऑस्कर विजेता संगीतकार ए.आर. रहमान हाल ही में अपने एक बयान को लेकर विवादों में आ गए थे। उन्होंने बॉलीवुड में कथित तौर पर ‘पावर शिफ्ट’ और ‘सांप्रदायिक कारणों’ की वजह से काम न मिलने की बात कही थी।

इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और कई बॉलीवुड सितारों ने भी इस पर आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने के बाद ए.आर. रहमान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी बात स्पष्ट की है।

वीडियो में रहमान ने कहा कि संगीत हमेशा से उनके लिए लोगों तक पहुंचने, संस्कृति का जश्न मनाने और उसे श्रद्धांजलि देने का माध्यम रहा है। उन्होंने भारत को अपनी प्रेरणा, गुरु और घर बताया। रहमान ने कहा कि अच्छे इरादों के बावजूद कभी-कभी गलतफहमियां हो सकती हैं, लेकिन उनका उद्देश्य हमेशा संगीत के जरिए लोगों को प्रेरित करना, उनकी सेवा करना और सांस्कृतिक विविधता का सम्मान करना रहा है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका इरादा कभी किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था। अपने इस स्पष्टीकरण के जरिए ए.आर. रहमान ने विवाद को शांत करने की कोशिश की है और यह संदेश दिया है कि उनका संगीत हमेशा लोगों को जोड़ने का काम करता रहेगा।


feature-top