पुलिस कमिश्नर प्रणाली पूरे जिले में लागू करने की तैयारी : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

feature-top

पुलिस कमिश्नर प्रणाली को लेकर गृहमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहले ही एक बैठक में इस विषय पर निर्णय ले चुके हैं और अब इसे पूरे जिले में लागू करने की दिशा में विचार किया जा रहा है।

समूचे जिले के दृष्टिकोण से व्यवस्था का आकलन किया जा रहा है और मुख्यमंत्री साय शीघ्र ही इस पर अंतिम निर्णय लेंगे। गौरतलब है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में पुलिस आयुक्त (कमिश्नरेट) प्रणाली लागू करने की घोषणा की थी, जिसे अब जल्द अमल में लाया जाएगा।

पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू होने के बाद कई ऐसे अधिकार, जो वर्तमान में जिला प्रशासन के अधीन हैं, सीधे पुलिस कमिश्नर को सौंपे जाएंगे। सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य अपराध नियंत्रण को सुदृढ़ करना, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और आपात परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी निर्णय सुनिश्चित करना है। हालांकि, शस्त्र लाइसेंस और आबकारी से संबंधित अधिकार इस प्रणाली के दायरे से बाहर रखे जाएंगे।


feature-top