भारत-EU ट्रेड डील दुनिया को स्थिरता देने वाला समझौता है : पीएम मोदी

feature-top

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूरोपीय संघ के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते यानी भारत-EU फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को वैश्विक स्थिरता की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है। मंगलवार को संयुक्त प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह समझौता ऐसे समय में हुआ है, जब पूरी दुनिया उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है।

प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह केवल व्यापार तक सीमित समझौता नहीं है, बल्कि साझा समृद्धि और वैश्विक भलाई का एक नया खाका है। उन्होंने कहा कि भारत ने अपने इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा मुक्त व्यापार समझौता संपन्न किया है। पीएम मोदी ने कहा, “भारत-EU सहयोग विश्व व्यवस्था को स्थिरता प्रदान करेगा और यह साझेदारी वैश्विक भलाई के लिए है।

इस अवसर पर यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने कहा कि भारत-EU एफटीए दो अरब लोगों के बाजार को जोड़ने वाला अब तक का सबसे महत्वाकांक्षी समझौता है। उन्होंने कहा कि यह शिखर सम्मेलन दुनिया को यह स्पष्ट संदेश देता है कि भारत और यूरोपीय संघ भरोसेमंद साझेदार के रूप में साथ खड़े हैं। कोस्टा ने यूक्रेन संकट को लेकर संवाद और कूटनीति के माध्यम से शांति प्रयासों में भारत की भूमिका पर भी भरोसा जताया।

वहीं, यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने कहा कि भारत-यूरोप साझेदारी ऐसे समय में रणनीतिक निर्भरता को कम करेगी, जब वैश्विक व्यापार तेजी से राजनीतिक हथियार बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत का उदय हुआ है और यूरोप इससे वास्तव में खुश है। भारत-EU मुक्त व्यापार समझौता न केवल आर्थिक सहयोग को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा, बल्कि बदलते वैश्विक हालात में स्थिरता और विश्वास की एक मजबूत नींव भी रखेगा।


feature-top