उत्तरप्रदेश : जल शक्ति मंत्री का काफिला रोकने को लेकर विधायक-मंत्री में तीखी नोकझोंक

feature-top

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे जल शक्ति मंत्री का काफिला उस वक्त रुक गया, जब चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने ग्राम प्रधानों के साथ रास्ते में उन्हें रोक लिया।

मामला जल जीवन मिशन के तहत चल रहे कार्यों में कथित लापरवाही को लेकर सामने आया। विधायक बृजभूषण राजपूत ने कहा कि वह इस मुद्दे को पहले ही विधानसभा में उठा चुके हैं, इसके बावजूद संबंधित विभाग द्वारा कार्यों में सुधार नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों में नल-जल योजना अधूरी पड़ी है और ग्रामीणों को अब भी पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है।

काफिला रोके जाने के बाद विधायक और जल शक्ति मंत्री के बीच तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को कलेक्ट्रेट ले जाया गया। कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की मौजूदगी में एक घंटे से अधिक समय तक बैठक चली, जिसमें जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की गई।

बैठक के बाद जल शक्ति मंत्री वापस लौट गए। वहीं बैठक के बाद भी भड़के नजर आए विधायक बृजभूषण राजपूत ने बेबाक अंदाज में कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वह लखनऊ जाकर घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।


feature-top