मेडिकल के पीजी छात्रों के लिए सेवा बॉन्ड स्थगित करें राज्य : सुप्रीम कोर्ट

feature-top

सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों को सुझाव दिया है कि वे ऐसे मेधावी पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल छात्रों के लिए एक प्रभावी तंत्र विकसित करने पर विचार करें जो अनिवार्य सेवा बॉन्ड के कारण सुपर स्पेशियलिटी पाठ्यक्रमों में प्रवेश नहीं ले पा रहे हैं।

अदालत ने कहा कि सेवा बॉन्ड को स्थगित करने से न सिर्फ छात्रों को लाभ होगा बल्कि राज्य को भी भविष्य में सुपर स्पेशियलिटी योग्यता प्राप्त डॉक्टरों की सेवाएं मिल सकेंगी। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस आर महादेवन की पीठ ने कहा कि कई राज्यों में पीजी मेडिकल छात्रों के लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में, अनिवार्य सेवा देना आवश्यक है।

हालांकि यदि कोई छात्र सेवा अवधि पूरी करने के बाद सुपर स्पेशियलिटी कोर्स के लिए आवेदन करता है तो कई मामलों में वह आयु या अन्य शर्तों के कारण अयोग्य हो सकता है।

पीठ ने कहा, राज्य सरकारों को आत्ममंथन करना चाहिए कि क्या ऐसे असाधारण और मेधावी उम्मीदवारों के लिए कोई तंत्र विकसित किया जा सकता है जिन्होंने मेरिट के आधार पर प्रतिष्ठित संस्थानों में सुपर स्पेशियलिटी कोर्स में प्रवेश पाया है।


feature-top