कोलकाता एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में बम की अफवाह से हड़कंप

feature-top

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शिलांग जाने वाली इंडिगो की एक उड़ान में बम होने की अफवाह सामने आई।

एयरपोर्ट डायरेक्टर के मुताबिक, कोलकाता से शिलांग जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E3074 सुबह 9:15 बजे रवाना होने वाली थी। इसी दौरान बोर्डिंग के समय क्रू मेंबर्स को विमान के टॉयलेट कम्पार्टमेंट में एक कागज मिला, जिस पर विमान में बम होने की बात लिखी थी।

सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और विमान को तुरंत आइसोलेशन बे में ले जाया गया। एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार लिया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा टीम ने विमान की सघन जांच की।

प्रारंभिक जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह शरारत किसने की।


feature-top