- Home
- टॉप न्यूज़
- रायगढ़
- रायगढ़: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियानः मतदाता सूची का किया गया अंतिम प्रकाशन
रायगढ़: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियानः मतदाता सूची का किया गया अंतिम प्रकाशन
8,42,695 मतदाता पंजीकृत, राजनीतिक दलों को सौंपी गई निर्वाचक नामावली
भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के दिशा-निर्देश पर जिले में 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर आज जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में जिले के मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को अंतिम मतदाता सूची की एक-एक प्रतियां तथा फोटो रहित मतदाता सूची की पीडीएफ निःशुल्क प्रदान की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि राज्य भर में 27 अक्टूबर 2025 से शुरू हुआ यह विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान पूरी तरह मिशन मोड पर संचालित किया गया। इस व्यापक प्रक्रिया के दौरान जिले के 1,217 बीएलओ ने कड़ी मेहनत करते हुए घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण किया और कुल 9,14,669 मतदाताओं के मिलान एवं मैपिंग के कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। आधुनिकता और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने 8,33,681 प्राप्त गणना फॉर्मों का पूर्णतः डिजिटलीकरण किया। सर्वेक्षण के दौरान मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दोहरे पंजीकरण वाले मतदाताओं की पहचान की गई और जिन मतदाताओं के गणना फॉर्म वापस नहीं मिले, उनकी पुष्टि के लिए राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ विशेष बैठकें आयोजित कर ऐसी सूचियों को जिला निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट raigarh.gov.in पर भी सार्वजनिक किया गया। उन्होंने बताया कि प्रारूप ड्राफ्ट सूची के पहले जिले में 9,14,669 मतदाता थे। प्रारूप ड्राफ्ट सूची के प्रकाशन के बाद 8,33,681 मतदाता और मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन में 8,42,695 मतदाता पंजीकृत हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रारूप ड्राफ्ट सूची प्रकाशन के बाद अंतिम सूची में शुद्ध रूप से 9,014 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है। अंतिम प्रकाशन के पश्चात विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार लैलूंगा में 1,97,302, रायगढ़ में 2,34,021, खरसिया में 2,05,963 और धरमजयगढ़ में 2,05,409 मतदाता शामिल हैं। निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को समय सीमा में पूरा करने के लिए 04 ईआरओ, 93 एईआरओ, 1,156 बीएलओ और 3,137 बूथ लेवल एजेंटों सहित कई स्वयंसेवकों ने अपनी सक्रिय और सराहनीय भागीदारी निभाई। दावा और आपत्तियों के निराकरण के लिए 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक का समय दिया गया था, जिनका पूर्ण निराकरण 14 फरवरी 2026 तक कर लिया गया। वर्तमान में अंतिम मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित ईआरओ/एईआरओ कार्यालयों और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट https://ceochhattisgarh.nic.in पर अवलोकन के लिए उपलब्ध है।
About Babuaa
Categories
Contact
0771 403 1313
786 9098 330
babuaa.com@gmail.com
Baijnath Para, Raipur
© Copyright 2019 Babuaa.com All Rights Reserved. Design by: TWS
