रायगढ़ : संत विनोबा नगर मोहल्ले में चर्च नुमा निर्माण किए जाने पर तनाव

अधिकारियों ने मोर्चा सम्हाला

feature-top

जूट मिल थाना क्षेत्र के संत विनोबा नगर मोहल्ले में ईसाई समुदाय की ओर से प्रार्थना करने के लिए चौक पर चर्च नुमा निर्माण किए जाने को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराते हुए जमकर बवाल काटा और उसकी बाउंड्री वाल को तुड़वा दिया परंतु फिर भी वह उस स्ट्रक्चर को तोड़ने की बात पर अड़े रहे जिसे चर्च का प्रार्थना सभा स्थल बताया जा रहा है।  मामले की जानकारी मिलते ही तहसीलदार शिवकुमार डनसेना एवं जूट मिल  पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइए देते हुए मामले को शांत कराया।  परंतु बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां से हटने को तैयार नहीं थे और उन्होंने कहा कि शासकीय जमीन पर कब्जा करके पहले छोटा चबूतरा बनाया गया अब उसे विस्तार करके बड़ा रूप दिया जा रहा है । यदि प्रशासन उक्त निर्माण को नहीं तोड़ता है तो हम जेसीबी लगाकर खुद तोड़ेंगे। 

तहसीलदार शिवकुमार डनसेना  का कहना है कि जिस जमीन पर निर्माण किया जा रहा है उसकी जांच की जा रही है यदि निजी भूमि हुई तो उन्हें विधिवत स्वीकृति लेकर निर्माण करने की बात कही जायेगी  यदि शासकीय भूमि पर कब्जा पाया जाता है तो प्रशासन अवैध निर्माण को हटाएगा । बहरहाल उन्होंने मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कही परंतु बजरंग दल ने यहां पिछले 5 घंटे से मोर्चा संभाला हुआ है दोनों पक्षों में बीच-बीच में तनाव बनता है और फिर पुलिस के हस्तक्षेप से रोक दिया जाता है। अभी तक किसी बड़े अधिकारी के नहीं पहुंचने से  नाराजगी बढ़ती गई। 

बाद में  एसडीएम रायगढ़ महेश शर्मा पहुंचे और उन्होंने भी वहां पर समझाइश दी है लेकिन बजरंग दल ने स्वयं अपने हाथों से उसे चबूतरे पर लगे टाइल्स और सीढ़ी पर लगे टाइल्स तोड़ दिए और वहां एक जेसीबी भी मंगा ली है जिससे क्षेत्र में तनाव चरम पर है।  बजरंग दल का कहना है कि वह तब तक नहीं हटेंगे जब तक कि निर्माण को ध्वस्त नहीं किया जाता और उन्होंने कहा कि यदि शासकीय जेसीबी नहीं आती है तो हम अपनी जेसीबी से इसे तोड़ करके ही जाएंगे। 

रायगढ़ में आज  44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया है इस भीषण गर्मी में दोनों पक्ष  के युवा आमने-सामने में है। खबर लिखने तक  जय राम के उद्घोष से पूरा मोहल्ला गूंज रहा है।  

 


feature-top