- Home
- DPR Chhattisgarh
- रायपुर
- नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी
नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी
- डोंगरिया में हजारों युवाओं ने लिया नशामुक्त भारत का संकल्प, विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची ने किया राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" संकल्प अभियान का राष्ट्रीय शुभारंभ करते हुए देशभर के युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में प्रारंभ हुए इस राष्ट्रव्यापी अभियान से देशभर के एक करोड़ से अधिक युवा जुड़े। इसी क्रम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के डोंगरिया स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और हजारों युवाओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक एवं मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री प्रणव कुमार मरपची रहे। उनके साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., वनमंडलाधिकारी श्रीमती ग्रीष्मी चांद, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, अपर कलेक्टर श्री दिलेराम डाहिरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, विद्यालय एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थी, राष्ट्रीय सेवा योजना, राष्ट्रीय कैडेट कोर, माय भारत स्वयंसेवक, युवा क्लबों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह के सीधा प्रसारण से हुई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि "नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत" अभियान का उद्देश्य प्रत्येक युवा को नशे की गिरफ्त से बचाकर उसकी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता को राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक रूप से उपयोग करना है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की शक्ति को भी कमजोर करता है। प्रधानमंत्री ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नशे से दूर रखने तथा युवाओं से स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से देशभर के एक करोड़ से अधिक युवा विकसित भारत के संकल्प से जुड़ रहे हैं।
राष्ट्रीय कार्यक्रम के उपरांत विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची ने उपस्थित युवाओं एवं नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश की युवा शक्ति नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल, नवाचार और राष्ट्र सेवा में लगाएगी। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
श्री मरपची ने सभी उपस्थित लोगों को किसी भी प्रकार के नशीले अथवा मादक पदार्थों का सेवन नहीं करने, दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने तथा स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा यदि अपने जीवन में अनुशासन, सकारात्मक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनाए, तो विकसित भारत का लक्ष्य शीघ्र ही साकार होगा।
कार्यक्रम के दौरान एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत एवं देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना और सकारात्मक जीवन मूल्यों का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत विधायक श्री प्रणव कुमार मरपची, कलेक्टर श्री विजय दयाराम के., जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।
जिले में आयोजित यह कार्यक्रम नशामुक्त समाज के निर्माण, युवाओं में सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रसार तथा विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। बड़ी संख्या में युवाओं की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की सक्रिय भागीदारी ही विकसित भारत की सबसे बड़ी आधारशिला है।
About Babuaa
Categories
Contact
0771 403 1313
786 9098 330
babuaa.com@gmail.com
Baijnath Para, Raipur
© Copyright 2019 Babuaa.com All Rights Reserved. Design by: TWS
- ज़रा हटके
- टॉप न्यूज़
- एंटरटेनमेंट
- लाइफस्टाइल
- विचार
- ऐतिहासिक
- खेल
- राजनीति
- देश-विदेश
- फोटोज़
- वीडियोस
- लेख
- संपादक की पसंद
- Research
- DPR Chhattisgarh
- West Bengal Election Result Update
- Assam Election Result Update
- Tamilnadu Election Result Update
- Kerala Election Result Update
- Puducherry Election Result Update
- राज्य
