त्रिपुरा : पूर्व CM माणिक सरकार पर FIR दर्ज

feature-top

त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री और सीपीआईएम के वरिष्ठ नेता माणिक सरकार की मुश्किलें बढ़ गई हैं। त्रिपुरा पुलिस ने एक राजनीतिक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर भड़काऊ और विवादित बयान देने के आरोप में उनके खिलाफ आधिकारिक तौर पर आपराधिक मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि यह कार्रवाई एक लिखित शिकायत के आधार पर की गई है।

11 सूत्रीय मांगें न मानने पर दी थी 'उग्र' चेतावनी
पुलिस शिकायत के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री माणिक सरकार ने 10 अगस्त को अगरतला में एक राजनीतिक रैली को संबोधित किया था। अपने संबोधन में उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि किसानों और मजदूरों की समस्याओं, भ्रष्टाचार, खराब सड़कों, कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर उनकी 11 सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो उनका आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने कथित तौर पर चेतावनी दी थी कि यह आंदोलन आगे चलकर बेहद आक्रामक और 'मिलिटेंट' रूप ले लेगा।

मीडिया और अखबार की रिपोर्ट के बाद पुलिस का एक्शन
माणिक सरकार का यह विवादित बयान स्थानीय समाचार चैनलों पर प्रसारित होने के बाद चर्चा में आया था। इसके बाद 11 अगस्त को एक बड़े बंगाली दैनिक समाचार पत्र ने भी इस भाषण को प्रमुखता से छापा था। पुलिस का कहना है कि सामाजिक शांति को प्रभावित करने और भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करने के चलते मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए इसे विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश करार दिया है।


feature-top