उत्तर प्रदेश : डीजल से भरा टैंकर पलटा, बाल्टी-बोतल लेकर ईंधन लूटने दौड़े लोग

feature-top

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले की मारकुंडी घाटी में एक बड़े हादसे में डीजल से भरा एक टैंकर पलट गया। इसके बाद नेशनल हाईवे पर हजारों लीटर ईंधन बहने लगा, जिसे लूटने के लिए स्थानीय लोगों में होड़ मच गई। मुगलसराय से ओडिशा जा रहे एक वाणिज्यिक टैंकर की ब्रेक अचानक फेल हो गई। इसके कारण चालक पवन कुमार ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और टैंकर सड़क पर पलट गया। इस हादसे में चालक को मामूली चोटें आई हैं।

टैंकर में करीब 14,000 से 24,000 लीटर डीजल भरा हुआ था, जो पलटने के बाद हाईवे पर तेजी से बहने लगा। मुफ़्त का डीजल बहता देख, बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, राहगीर, महिलाएं और बच्चे बाल्टी, प्लास्टिक के डिब्बे और बोतलें लेकर मौके पर पहुंच गए और आग लगने के भारी खतरे को नजरअंदाज करते हुए डीजल बटोरने लगे।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में लोगों को अत्यधिक ज्वलनशील ईंधन के पास आपाधापी करते हुए देखा गया। सूचना मिलते ही गुरमा पुलिस चौकी और चोपन थाने की पुलिस फायर ब्रिगेड की टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को आते देख डीजल लूट रहे लोग तुरंत वहां से भाग खड़े हुए।
 


feature-top