विदेशी मदद के आरोप पर राहुल गांधी की PM मोदी को खुली बहस की चुनौती

feature-top

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विदेशी मदद के मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी है। राहुल ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री विदेशी ताकतों की मदद से सत्ता में आए और उसी समर्थन के दम पर पद पर बने हुए हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उन्होंने कहा कि वह इस मुद्दे पर किसी भी मंच पर और किसी भी समय बहस करने को तैयार हैं।

राहुल गांधी ने देश की वित्तीय व्यवस्था और विदेशी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री में हिम्मत है तो वह खुली बहस के लिए सामने आएं।

यह बयान प्रधानमंत्री मोदी के 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर दिए गए भाषण के बाद आया है। गुजरात के एकता नगर में आयोजित कार्यक्रम में मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए उसे 'विरोध पक्ष' के बजाय 'अवरोध पक्ष' बताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ ताकतें विदेश से भारत को बांटने और देश की छवि खराब करने की कोशिश कर रही हैं।


feature-top