लद्दाख : सोनम वांगचुक के स्कूल को बंद करने का निर्देश, HIAL ने कार्रवाई को चुनौती दी

feature-top

शिक्षाविद् और हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव्स, लद्दाख (HIAL) की CEO गीतांजलि आंग्मो तथा उनके पति और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने अपने नए डेजर्ट फ्लावर स्कूल को बंद करने के लद्दाख प्रशासन के निर्देश का विरोध किया है। उन्होंने इस कार्रवाई को 'बेबुनियाद विच-हंट' करार देते हुए स्कूल का संचालन जारी रखने की बात कही है।

लेह के तहसीलदार कार्यालय ने 1 नवंबर को आदेश जारी कर स्कूल को हाईकोर्ट में लंबित मामले के फैसले तक यथास्थिति बनाए रखने और सभी अनधिकृत गतिविधियां रोकने का निर्देश दिया था। प्रशासन का कहना है कि फ्यांग स्थित स्कूल आवश्यक मंजूरी, सहमति और NOC के बिना शुरू किया गया है। स्कूल की जमीन को लेकर भी प्रशासन और HIAL के बीच विवाद जम्मू-कश्मीर एवं लद्दाख हाईकोर्ट में लंबित है।

गीतांजलि आंग्मो ने आरोप लगाया कि NOC मिलने में देरी प्रशासनिक अड़चनों के कारण हुई है। उनका दावा है कि संस्थान ने कई बार अनुमति के लिए आवेदन किया, लेकिन अधिकारियों की ओर से मंजूरी नहीं मिली। उन्होंने यह भी कहा कि हाईकोर्ट का यथास्थिति आदेश स्कूल की शैक्षणिक गतिविधियां रोकने के लिए नहीं है।

HIAL के अनुसार, स्कूल में फिलहाल 46 से 50 बच्चे किंडरगार्टन कक्षाओं में नामांकित हैं। संस्थान ने कहा है कि बच्चों की पढ़ाई जारी रहेगी और सक्षम अदालत के स्पष्ट आदेश के बिना स्कूल बंद नहीं किया जाएगा।


feature-top