संदिग्ध माओवादियों ने ग्रामीण को मारी गोली

feature-top

 नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सोमवार को एक लौह अयस्क खदान के गेट पर तीन अज्ञात लोगों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि माओवादियों ने घटना को अंजाम दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने बताया कि जिले के दुर्गकोंदल इलाके में एक निजी कंपनी के लौह अयस्क खदान के गेट पर सोमवार सुबह करीब 10 बजे अज्ञात लोगों ने नोहर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। सिन्हा ने बताया कि नोहर सिंह इलाके के खुटगांव का निवासी था। वह गांव का पूर्व सरपंच था और खदान से लौह अयस्क के परिवहन से जुड़ा काम करता था। पुलिस अधीक्षक ने बताया, ‘‘पुलिस को जानकारी मिली है, आज सुबह तीन लोग ग्रामीणों के वेश में खदान के मुख्य दरवाजे पर पहुंचे और वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों से कहा कि वे भीतर जाना चाहते हैं।‘‘ सिन्हा ने बताया कि जब सुरक्षाकर्मी उनकी पहचान करने की कोशिश कर रहे थे, तब उन्होंने वहां खड़े सिंह पर देशी पिस्तौल से गोलियां चला दीं और फरार हो गए। इस घटना में सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये।

उन्होंने बताया कि घटना के बाद घायल को एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे कांकेर भेजा गया। लेकिन रास्ते में ही सिंह की मौत हो गई। सिन्हा ने बताया, ‘‘ मौके पर कोई माओवादी पर्चा नहीं मिला है, लेकिन आशंका है कि माओवादियों ने इस घटना को अंजाम दिया है।’’


feature-top