22 Dec 2022

Generic placeholder image

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज प्रदेशव्यापी भेंट-मुलाकात कार्यक्रम के तहत बलौदाबाजार-भाटापार जिले के विधानसभा कसडोल के ग्राम लाहोद पहुंचे। यहां पहुंचने पर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल का स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों के द्वारा भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने यहां पर ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं के बारे में जाना और अधिकारियों के इनके निराकरण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने ग्राम लाहोद में 52 करोड़ 41 लाख रुपए लागत के 46 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 39 करोड़ 31 लाख रुपए लागत के 21 कार्यों का लोकार्पण और 13 करोड़ रुपए से अधिक के 25 कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं। इस दौरान उच्च शिक्षा मंत्री श्री उमेश पटेल, संसदीय सचिवद्वय सुश्री शकुंतला साहू एवं चंद्रदेव राय, कृषक कल्याण परिषद के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्र शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

22 Dec 2022 02:39PM,
by: Babuaa Desk