15 Jan 2021

Generic placeholder image

कोरबा : राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने आज कोरबा शहर स्थित जिला अस्पताल में विभिन्न नई सुविधाओं का लोकार्पण किया। राजस्व मंत्री ने इंदिरा गांधी जिला चिकित्सालय में दो यूनिट माॅड्यूलर आॅपरेशन थियेटर, 10 बिस्तरों का इमरजेंसी ट्राॅमा यूनिट, 10 बिस्तरों का आधुनिक आई.सी.यु. एवं आठ बिस्तरों का बर्न यूनिट का उद्घाटन किया। अग्रवाल ने जिले के लोगों की सेवा में स्वास्थ्य सुविधाओं की बढ़ोत्तरी करते हुए अत्याधुनिक, रिमोट कंट्रोल चलित सेंसर युक्त आॅपरेशन थियेटर को जिला अस्पताल में प्रारंभ किया। इस दौरान राजस्व मंत्री ने कहा कि जिला में इन सभी सुविधाओं के शुरू हो जाने से प्राइवेट अस्पताल से बेहतर सुविधाएं आज से उपलब्ध हो गईं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोगों की स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार बढ़ोत्तरी कर रही है। मोहल्ला क्लीनिक भी शुरू किए जाएंगे जिसका परीक्षण चल रहा है। उन्होंने कहा कि जिला खनिज न्यास मद से सबकी सलाह से विचार-विमर्श करके जनसेवा में राशि खर्च की जाती है। डीएमएफ मद को ज्यादा से ज्यादा चिकित्सा और स्वास्थ्य क्षेत्र में सदुपयोग किया जा रहा है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्वास्थ्य सुविधाओं के लोकार्पण समारोह में महापौर नगर निगम कोरबा राजकिशोर प्रसाद, सभापति नगर निगम श्याम सुंदर सोनी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. बी. बी. बोडे, सिविल सर्जन डाॅ. अरूण तिवारी सहित जिला अस्पताल के समस्त मेडिकल स्टाफ तथा गणमान्य नागरिकगण उपस्थित रहे। 

15 Jan 2021 04:30AM,
by: Thaneshwar sahu