25 Feb 2021

Generic placeholder image

बीजापुर : भारतीय थल सेना द्वारा आगामी 3 मार्च से 12 मार्च 2021 तक पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम दुर्ग में थल सेना भर्ती रैली का आयोजन किया गया है। इस भर्ती रैली में थल सेना रैली धमतरी जून 2020 हेतु 15 मई 2020 तक ऑनलाईन आवेदन प्रतिपूरित करने वाले आवेदक शामिल हो सकते हैं। उक्त भर्ती रैली में हिस्सा लेने के लिए वेबसाईट डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डाॅट ज्वाइनइंडियनआर्मी डाॅट एनआईसी डाॅट इन पर पंजीकृत आईडी एवं पासवर्ड के जरिये लाॅगिन कर प्रवेश पत्र डाउनलोड किया जा सकता है। जो आवेदक जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र बीजापुर के माध्यम से आवेदन पत्र प्रतिपूरित किये हैं, वे 18 फरवरी से उक्त कार्यालय में संपर्क कर प्रवेश पत्र पंजीकृत आईडी एवं पासवर्ड तथा भर्ती रैली सम्बन्धी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा अन्य आवेदक निर्धारित समय पर सुविधानुसार स्वयं या किसी निजी कम्प्यूटर सेंटर्स के जरिये उक्त वेबसाईट पर लाॅगिन कर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी बीजापुर से मिली जानकारी के अनुसार उक्त थल सेना भर्ती रैली में सम्मिलित होने वाले आवेदकों को वेबसाईट से डाउनलोड प्रवेश पत्र, सफेद बैकग्राउण्ड में खींचे गये पासपोर्ट आकार के 20 नग फोटो, 5वीं, 8वीं, 10वीं, 12वीं एवं अन्य शैक्षणिक योग्यता की अंकसूची, जाति, निवास प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र, अविवाहित प्रमाण पत्र, नोटरी से तैयार शपथ पत्र, व्यक्तिगत बैंक खाता क्रमांक, पैनकार्ड, आधार कार्ड, टैटू सर्टिफिकेट, शासकीय अस्पताल का मेडिकल सर्टिफिकेट (कोविड-19 सहित) की मूलप्रति एवं छायाप्रति के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। इसके साथ ही नेशनल केडेट कोर तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के खेलकूद प्रतियोगिता सम्बन्धी प्रमाण पत्र होने पर उसकी मूलप्रति एवं छायाप्रति प्रस्तुत कर सकते हैं। थल सेना भर्ती रैली में शामिल होने वाले आवेदक साढ़े 5 सेकण्ड में 1600 मीटर की दौड़, बीम पुलअप 10 बार, 9 फीट गड्ढा जम्पिंग, जिगजैग वाॅक आदि आवश्यक शारीरिक दक्षता सम्बन्धी तैयारी नियमित रूप से कर सकते हैं।  

25 Feb 2021 09:02AM,
by: Thaneshwar sahu